छतरपुर। 64वीं राष्ट्रीय सॉफ्टबॉल क्रीड़ा प्रतियोगिता महाराष्ट्र के नागपुर में खेली गई। वहीं सॉफ्टबॉल मिनी क्रीड़ा प्रतियोगिता राजस्थान के पाली शहर में आयोजित हुई। इन दोनों प्रतियोगिताओं में शहर की बेटियों ने भी हिस्सा लेकर खेल का बेहतर प्रदर्शन करते हुए अपना और शहर का नाम रोशन किया है। इनके अच्छे प्रदर्शन पर इन्हें शुभकामनाएं दी गईं हैं। जिला बेसबाल एसोशिएशन के सचिव मानसिंह व जिला क्रीड़ा अधिकारी श्रीकांत दुबे ने बताया कि 1 फरवरी से 5 फरवरी तक महाराष्ट्र के नागपुर में 64वीं राष्ट्रीय सॉफ्टबॉल क्रीड़ा प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। उत्कृष्ट हायर सेकेण्डरी स्कूल क्रमांक 1 की कक्षा 11वीं की छात्रा वर्षा कुशवाहा ने मध्यप्रदेश की टीम की ओर से हिस्सा लेते हुए बेहतर खेल प्रदर्शित किया। इसी तरह जनवरी माह में सॉफ्टबॉल मिनी क्रीड़ा प्रतियोगिता राजस्थान के पाली शहर में आयोजित हुई इस प्रतियोगिता में सत्यशोधन आश्रम में रहने वाली 7वीं की छात्रा मालती गंधर्व ने हिस्सा लेते हुए बेहतर प्रदर्शन किया। शहर की दोनों बेटियों के बेहतर प्रदर्शन पर डीईओ एसके शर्मा, सहायक संचालक जेएन चतुर्वेदी, व्यायाम शिक्षक बृजेन्द्र द्विवेदी, रामकृष्ण जाटव, लतीफ, अनिल पटैरिया, देवेन्द्र भंडारी ने शुभकामनाएं देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।